भारतीय सिनेमा के ‘नवाब’ सैफ अली खान और ‘स्कैम 1992’ फेम प्रतीक गांधी जल्द ही एक ऐतिहासिक ड्रामा में साथ नजर आने वाले हैं। निर्देशक राहुल ढोलकिया, जो अपनी फिल्म ‘परज़ानिया’ और ‘रईस’ के लिए जाने जाते हैं, इस बार देश के सबसे बड़े लोकतांत्रिक उत्सव की अनसुनी कहानी लेकर आ रहे हैं। इस फिल्म का नाम ‘हम हिंदुस्तानी’ रखा गया है, जिसका निर्माण एम्मे एंटरटेनमेंट के बैनर तले निखिल आडवाणी, मोनिशा आडवाणी और मधु भोजवानी कर रहे हैं।
क्या है फिल्म की कहानी?
‘हम हिंदुस्तानी’ की कहानी साल 1950 के दशक के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जब भारत ने अपने पहले आम चुनाव की तैयारी शुरू की थी। यह फिल्म उन सरकारी अधिकारियों और जमीनी स्तर पर काम करने वाले लोगों के संघर्ष और दृढ़ संकल्प को दिखाती है, जिन्होंने तमाम चुनौतियों के बावजूद आजाद भारत का पहला लोकतांत्रिक चुनाव सफल बनाया।
फिल्म में सैफ अली खान एक वरिष्ठ अधिकारी (सुदीप सेनगुप्ता) की भूमिका में नजर आएंगे, जो सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार को लागू करने और हर भारतीय को वोट का अधिकार दिलाने के लिए रियासतों और तत्कालीन सामाजिक व्यवस्था से लोहा लेते हैं। वहीं, प्रतीक गांधी एक पुलिस अधिकारी के किरदार में हैं, जिनका काम चुनाव के दौरान हिंसा रोकना और शांति व्यवस्था बनाए रखना है।
पहली बार जमी सैफ-प्रतीक की जोड़ी
इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत सैफ अली खान और प्रतीक गांधी का पहली बार एक साथ स्क्रीन साझा करना है। सैफ अली खान ने ओटीटी की दुनिया में ‘सेक्रेड गेम्स’ से क्रांति लाने के बाद एक बार फिर नेटफ्लिक्स के साथ हाथ मिलाया है। फिल्म के टीजर लॉन्च के दौरान सैफ ने कहा, “नेटफ्लिक्स के साथ मेरा जुड़ाव हमेशा से खास रहा है। ‘हम हिंदुस्तानी’ एक ऐसी कहानी है जो भारत के लोकतंत्र की नींव को दर्शाती है और इसे प्रतीक जैसे टैलेंटेड अभिनेता के साथ करना शानदार अनुभव है।”
प्रतीक गांधी ने भी उत्साह जताते हुए कहा कि ऐसे मजबूत विषय और राहुल ढोलकिया जैसे निर्देशक के साथ काम करना किसी भी अभिनेता के लिए सम्मान की बात है।
फिल्म की शूटिंग के दौरान की कुछ खबरें यह भी हैं कि सैफ अली खान ने अपने किरदार के लिए उस समय के कई प्रशासनिक दस्तावेजों और पुराने वीडियो फुटेज का अध्ययन किया। वहीं प्रतीक गांधी ने एक पुलिस वाले की भूमिका के लिए अपनी बॉडी लैंग्वेज और बोलने के लहजे पर विशेष काम किया है। शूटिंग का एक बड़ा हिस्सा गुजरात और राजस्थान की रियल लोकेशन्स पर भी फिल्माया गया है ताकि कहानी को पूरी तरह से प्रमाणिक बनाया जा सके।
स्टार कास्ट और अन्य जानकारी
‘हम हिंदुस्तानी’ में सिर्फ सैफ और प्रतीक ही नहीं, बल्कि कलाकारों की एक लंबी फौज नजर आएगी। फिल्म में दीपक डोबरियाल, मिमी चक्रवर्ती, सारिका और श्रद्धा डांगर जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। फ़िल्म के निर्देशक राहुल ढोलकिया है और यह नेटफ्लिक्स इंडिया पर रिलीज होगी। फ़िल्म का विषय भारत का पहला आम चुनाव जो साल (1951-52) में हुआ था।
हाल ही में नेटफ्लिक्स इंडिया के 2026 के स्लेट इवेंट में इस फिल्म की पहली झलक जारी की गई है। हालांकि मेकर्स ने अभी इसकी रिलीज डेट का खुलासा नहीं किया है, लेकिन टीजर ने दर्शकों के बीच काफी जिज्ञासा पैदा कर दी है। यह फिल्म इतिहास, राजनीति और मानवीय जज्बे का एक अनूठा संगम होने की उम्मीद है।
टीवी सीरियल और बॉलीवुड की लेटेस्ट गॉसिप और अपकमिंग एपिसोड के लिए बने रहिए tellybooster के साथ।

