29.1 C
Mumbai
Sunday, July 12, 2026

‘स्पिरिट’ फर्स्ट लुक: नए साल पर संदीप रेड्डी वांगा का धमाका, प्रभास के ‘बीस्ट मोड’ और तृप्ति डिमरी की केमिस्ट्री ने इंटरनेट पर लगाई आग

भारतीय सिनेमा के सबसे चर्चित निर्देशकों में से एक, संदीप रेड्डी वांगा ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वे दर्शकों की नब्ज पहचानते हैं। ‘एनिमल’ की अपार सफलता के बाद, वांगा ने अपनी अगली मेगा-बजट फिल्म ‘स्पिरिट’ का फर्स्ट लुक पोस्टर नए साल के ठीक मध्यरात्रि पर जारी किया। इस पोस्टर में ‘रैबल स्टार’ प्रभास का ऐसा लुक सामने आया है जिसे देखकर फैंस इसे साल की सबसे बड़ी फिल्म बता रहे हैं।

रिलीज हुए पोस्टर में प्रभास एक बेहद इंटेंस और डार्क लुक में नजर आ रहे हैं। पोस्टर की सेटिंग किसी बालकनी जैसी लग रही है, जहाँ पीछे शहर की धुंधली रोशनी दिखाई दे रही है। प्रभास शर्टलेस हैं और उनकी घायल पीठ कैमरे की ओर है, जिस पर टांकों के निशान और कई मेडिकल पट्टियां बंधी हुई हैं। यह दृश्य उनके किरदार के हिंसक अतीत और शारीरिक संघर्ष को बयां करता है।

पोस्टर का सबसे चर्चित हिस्सा वह है जहाँ फिल्म की लीड एक्ट्रेस तृप्ति डिमरी नजर आ रही हैं। तृप्ति, जो एक साधारण भूरे रंग की साड़ी में बेहद शांत दिख रही हैं, प्रभास के होठों के बीच दबी सिगरेट को लाइटर से जला रही हैं। प्रभास के एक हाथ में शराब का गिलास है और दूसरे हाथ में सिगरेट, जो संदीप रेड्डी वांगा के सिग्नेचर ‘अल्फा मेल’ और ‘एंटी-हीरो’ स्टाइल की याद दिलाता है।

संदीप रेड्डी वांगा ने पोस्टर साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, “भारतीय सिनेमा… गवाह बनो अपने ‘अजनुबाहु’ का। नए साल 2026 की शुभकामनाएं।”

विशेषज्ञों के अनुसार, ‘अजनुबाहु’ शब्द का अर्थ है वह व्यक्ति जिसकी भुजाएं घुटनों तक लंबी हों—जो शक्ति और महानता का प्रतीक माना जाता है। वांगा का यह शब्द चुनना ही फिल्म के प्रति उनकी महत्वाकांक्षा को दर्शाता है।

‘स्पिरिट’ में प्रभास पहली बार एक IPS अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म के पिछले ऑडियो टीजर से यह साफ हो गया था कि यह कोई साधारण पुलिस ड्रामा नहीं होगा। टीजर में प्रभास की आवाज में एक डायलॉग था— “बचपन से ही मुझे एक बुरी आदत है…”, जिससे संकेत मिलता है कि उनका किरदार कानून के दायरे से बाहर जाकर न्याय करने में विश्वास रखता है।

फिल्म की मुख्य स्टार कास्ट में प्रभास मुख्य नायक ईपीएस ऑफिसर का किरदार अदा कर रहे हैं। तृप्ति डिमरी फिल्म में मुख्य नायिका हैं। वहीं, विवेक ओबेरॉय विलन के रूप में नज़र आएंगे। साथ ही प्रकाश राज और कंचना: सहायक भूमिका में होंगे।

दीपिका पादुकोण का बाहर होना और तृप्ति की एंट्री
फिल्म निर्माण के दौरान ‘स्पिरिट’ अपनी कास्टिंग को लेकर भी काफी चर्चा में रही। शुरुआत में दीपिका पादुकोण को इस फिल्म के लिए साइन किया गया था, लेकिन शूटिंग के समय और कुछ कॉन्ट्रैक्ट संबंधी असहमतियों के कारण उन्होंने प्रोजेक्ट छोड़ दिया। इसके बाद वांगा ने ‘एनिमल’ की अपनी खोज तृप्ति डिमरी पर भरोसा जताया, जो अब प्रभास के साथ स्क्रीन शेयर करती दिखेंगी।

टी-सीरीज (भूषण कुमार) और भद्रकाली पिक्चर्स के बैनर तले बन रही यह फिल्म केवल भारत तक सीमित नहीं रहेगी। मेकर्स ने घोषणा की है कि ‘स्पिरिट’ को हिंदी, तेलुगु, तमिल, मलयालम और कन्नड़ के साथ-साथ मंदारिन, जापानी और कोरियाई भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा।

यह फिल्म साल 2026 के अंत तक सिनेमाघरों में आने की उम्मीद है। फिलहाल, ‘स्पिरिट’ के इस फर्स्ट लुक ने सोशल मीडिया पर ‘एनिमल’ जैसा ही क्रेज पैदा कर दिया है और फैंस अब इसके आधिकारिक टीजर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

टीवी सीरियल और बॉलीवुड की लेटेस्ट गॉसिप और अपकमिंग एपिसोड के लिए बने रहिए tellybooster के साथ।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here