भारतीय सिनेमा के दो मंझे हुए कलाकार, नेशनल अवार्ड विजेता प्रियामणि और ‘देवों के देव… महादेव’ फेम मोहित रैना, पहली बार एक साथ बड़े पर्दे पर नजर आने वाले हैं। यह जोड़ी एक इंडो-हॉलीवुड प्रोजेक्ट के लिए हाथ मिला रही है, जो एक अप्रवासी परिवार के वास्तविक जीवन के संघर्षों और उनकी जद्दोजहद पर आधारित होगी।
इस अनाम फिल्म का निर्माण मुंबई की एज्योर एंटरटेनमेंट और अमेरिका की रेड बाइसन प्रोडक्शंस मिलकर कर रहे हैं। यह फिल्म केवल एक कहानी नहीं, बल्कि ‘अमेरिकन ड्रीम’ के पीछे छिपे कड़वे सच और अपनी जड़ों से जुड़े रहने की भावनात्मक यात्रा है।
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म के निर्देशक और लेखक हर्ष महादेश्वर के अनुसार, यह कहानी एक ऐसे भारतीय परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है जो बेहतर भविष्य की तलाश में विदेश तो चला जाता है, लेकिन वहां उन्हें अपनी पहचान और संस्कृति को बचाए रखने के लिए कड़ी परीक्षा देनी पड़ती है। फिल्म में विस्थापन, पहचान का संकट और एक नए समाज में खुद को ढालने की चुनौतियों को बहुत ही संजीदगी से दिखाया जाएगा।
“यह प्रोजेक्ट मेरे दिल के बहुत करीब है क्योंकि यह पहचान और अपनेपन की तलाश को बहुत ही ईमानदारी से पेश करता है,” मोहित रैना ने एक आधिकारिक बयान में कहा। “एक ऐसी कहानी का हिस्सा बनना जो सीमाओं से परे हो, मेरे लिए एक कलाकार के तौर पर बहुत गर्व की बात है।”
वहीं प्रियामणि, जो अपनी बेहतरीन अदाकारी के लिए जानी जाती हैं, ने बताया कि उन्हें इस फिल्म की ‘इमोशनल ट्रुथ’ यानी भावनात्मक सच्चाई ने तुरंत आकर्षित किया।
क्यों खास है यह फिल्म?
यह फिल्म एज्योर एंटरटेनमेंट का पहला हॉलीवुड कोलेबोरेशन है। फिल्म के मेकर्स का मानना है कि आज के दौर में दर्शक ऐसी कहानियों से जुड़ना चाहते हैं जो सच्ची और जमीन से जुड़ी हों। फिल्म की शूटिंग न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी की गगनचुंबी इमारतों से लेकर दिल्ली की तंग गलियों और जम्मू-कश्मीर की वादियों तक फैली होगी।
फिल्म के मुख्य किरदारों के लिए प्रियामणि और मोहित रैना का चुनाव इसलिए किया गया है क्योंकि दोनों ही कलाकार अपनी भूमिकाओं में गहराई लाने के लिए प्रसिद्ध हैं। फिल्म की शूटिंग अप्रैल 2026 से शुरू होने की उम्मीद है और जल्द ही इसके टाइटल की भी घोषणा की जाएगी।
टीवी सीरियल और बॉलीवुड की लेटेस्ट गॉसिप और अपकमिंग एपिसोड के लिए बने रहिए tellybooster के साथ।

