बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सुनील शेट्टी हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान अपने बेटे अहान शेट्टी के फिल्मी सफर और उनके संघर्षों के बारे में बात करते हुए बेहद भावुक हो गए। मौका था अहान की आगामी युद्ध फिल्म ‘बॉर्डर 2’ के गाने ‘जाते हुए लम्हों’ के भव्य लॉन्च का, जहाँ सुनील शेट्टी अपने आँसू नहीं रोक पाए।
सुनील शेट्टी ने उन दिनों को याद किया जब अहान ने 2021 में फिल्म ‘तड़प’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। फिल्म ने औसत प्रदर्शन किया, लेकिन उसके बाद अहान के करियर में एक लंबा सन्नाटा छा गया। सुनील शेट्टी ने बताया कि पिछले चार सालों में अहान और पूरे परिवार ने मानसिक रूप से बहुत कुछ झेला है।
उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, “लोगों को लगता है कि सुनील शेट्टी का बेटा है तो काम आसानी से मिल जाता होगा, लेकिन असलियत इससे बहुत अलग है। पहली फिल्म के बाद जो ब्रेक आया, उसने हमारे जीवन में काफी उथल-पुथल मचा दी थी। अहान ने उस दौरान जो संघर्ष किया है, वह सिर्फ हम जानते हैं।”
सिर्फ काम की कमी ही नहीं, सुनील शेट्टी ने उद्योग की राजनीति पर भी कड़ा प्रहार किया। उन्होंने संकेत दिया कि अहान के खिलाफ जानबूझकर नकारात्मक खबरें फैलाई गईं।
अभिनेता ने कहा कि कुछ लोगों ने पैसे खर्च करके अहान के बारे में गलत खबरें छपवाईं ताकि उनकी छवि खराब की जा सके।
सुनील के अनुसार, दूसरों के ‘ईगो’ और आपसी खींचतान की वजह से अहान को कई अच्छे प्रोजेक्ट्स से बाहर कर दिया गया। भावुक सुनील शेट्टी ने यहाँ तक कह दिया कि अगर अहान के खिलाफ यह साजिशें बंद नहीं हुईं, तो वह प्रेस कॉन्फ्रेंस करके उन लोगों के नामों का खुलासा कर देंगे और उनकी ‘धज्जियां उड़ा देंगे’।
अहान शेट्टी अब अपनी दूसरी फिल्म ‘बॉर्डर 2’ में एक नौसेना अधिकारी (Naval Officer) की भूमिका निभा रहे हैं। सुनील शेट्टी ने फिल्म की निर्माता निधि दत्ता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह उनके कर्जदार रहेंगे।
सुनील ने बताया कि उन्होंने अहान को सख्त हिदायत दी है:
“मैने उससे कहा कि यह सिर्फ एक वर्दी नहीं है, यह देश के साहस का प्रतीक है। जो भी करो, दिल से करो। पहली ‘बॉर्डर’ ने मुझे दशकों तक जिंदा रखा, और मुझे उम्मीद है कि यह फिल्म अहान के लिए वही करेगी।”
अहान शेट्टी भी इस मौके पर भावुक नजर आए। उन्होंने सनी देओल, वरुण धवन और दिलजीत दोसांझ जैसे कलाकारों के साथ काम करने को एक बड़ी जिम्मेदारी बताया। सोशल मीडिया पर फैंस सुनील शेट्टी के इस ‘फादर गोल’ वाले अंदाज की तारीफ कर रहे हैं।
टीवी सीरियल और बॉलीवुड की लेटेस्ट गॉसिप और अपकमिंग एपिसोड के लिए बने रहिए tellybooster के साथ।

